सिवान: भीषण अगलगी, एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुर सिसवन स्थित पेट्रोल पंप के पीछे रविवार को गेहूं के खेत में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना में गांव निवासी किसान महादेव सिंह और संजीव सिंह को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टी और अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब एक बीघा में लगी तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
पीड़ित किसानों ने बताया कि फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी और कुछ ही दिनों में इसकी कटाई होनी थी। अचानक लगी इस आग ने उनकी महीनों की मेहनत को पलभर में बर्बाद कर दिया। घटना के बाद किसान परिवार में मायूसी छा गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
#Siswan #SiwanNews #BiharNews #FireIncident #FarmersLoss #Agriculture #WheatCrop #LocalNews #BreakingNews #IndiaNews

