सारण में जनगणना की तैयारी तेज: 13 चार्जों में प्रगणक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण शुरू
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आगामी जनगणना को लेकर सारण जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार से जिले के 13 चार्जों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया, जिसका अनुश्रवण निदेशालय के पर्यवेक्षकों, वरीय पदाधिकारियों एवं जनगणना कोषांग द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक सह स्टेट ट्रेनर अदिति आनंद एवं आयुषी सिंह ने विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर प्रशिक्षुओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने तरैया, मढ़ौरा, नगरा और छपरा सदर क्षेत्रों में प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण करते हुए प्रगणकों से मकान सूचीकरण, भवन की परिभाषा, नंबरिंग प्रक्रिया और नजरिया नक्शा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे।
एसडीएम सदर सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी नीतेश कुमार ने गरखा में प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए कहा कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य आगामी 2 मई से प्रारंभ होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह एक व्यापक और महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य है, जिसे त्रुटिरहित तरीके से संपन्न करना आवश्यक है, इसलिए प्रशिक्षण को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल ने बताया कि 13 अप्रैल से सोनपुर, दरियापुर, परसा, अमनौर, मढ़ौरा, नगरा, छपरा सदर, माँझी, एकमा, बनियापुर, पानापुर, तरैया एवं गरखा सहित कुल 13 चार्जों में प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 16 अप्रैल से जिले के सभी 30 चार्जों में प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई जा रही है। इसमें घर-घर जाकर जानकारी संग्रह करने की विधि, प्रपत्रों को सही तरीके से भरने की प्रक्रिया, तथा डेटा संग्रह में गोपनीयता, पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने के उपायों पर विशेष बल दिया जा रहा है। साथ ही डिजिटल गणना के लिए मोबाइल एप ‘एचएलओ’ के उपयोग की भी जानकारी दी जा रही है।
स्टेट ट्रेनर सह डीसीएलआर आलोक राज ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को उनके दायित्वों के प्रति पूरी तरह सजग करना है। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान नागरिकों से विनम्र व्यवहार, गोपनीयता का पालन और सही जानकारी एकत्र करना अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंडों में प्रशिक्षण कार्य की सतत निगरानी कर रहे हैं, ताकि गुणवत्ता बनी रहे और जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। वहीं प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध शोकॉज की कार्रवाई भी की जा रही है।
#Census2027 #SaranNews #ChapraNews #EnumeratorTraining #BiharNews #GovernmentWork #DataCollection #Administration #TrainingProgram #IndiaCensus

