छपरा में धूमधाम से मनाई गई महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंती, सामाजिक समरसता का लिया संकल्प
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: माली मालाकार कल्याण समिति, सारण के तत्वावधान में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंती भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शंकर कुमार मालाकार ने की, जबकि संचालन सतीश कुमार भक्त ने किया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव, छपरा विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सी.एन. गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शंकर कुमार मालाकार ने समाज के उत्थान और सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने छपरा शहर में महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर पुस्तकालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने, किसी प्रमुख चौक पर उनकी प्रतिमा स्थापित कर “महात्मा ज्योतिबा फुले चौक” नामकरण करने, पाठ्यक्रम में फुले दंपति की जीवनी शामिल करने तथा महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की मांग उठाई। साथ ही विधान परिषद में माली समाज को प्रतिनिधित्व देने की भी बात कही।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में महात्मा ज्योतिबा फुले के योगदान को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और परिवर्तन का अग्रदूत बताया। उन्होंने कहा कि फुले जी ने छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष कर समाज को समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने संगठन की मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया।
वहीं विधान परिषद सदस्य प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन वे अपने उद्देश्य से कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष किया और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाई।
छपरा विधायक छोटी कुमारी ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के महिला शिक्षा में योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें आदर्श समाज निर्माता बताया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. सी.एन. गुप्ता, जदयू जिला अध्यक्ष बैजनाथ सिंह विक्कल, भाजपा नेता शत्रुघन भक्त, भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में संजय मालाकार, पृथ्वी कुमार माली, बबलू मालाकार, मुन्ना मालाकार, ललन भक्त, दीनानाथ भगत, डॉ. हरे राम भगत, राकेश भगत, राजेश सैनी, मनोज भगत, कामेश्वर भगत, लोकनाथ भगत, प्रेम भगत, अनिल भगत, डॉ. रामेश्वर भगत, जितेंद्र भगत, नागेंद्र भगत, राहुल भगत, डॉ. मिथिलेश भगत, उमाशंकर प्रसाद, संतोष भगत, अभिषेक कुमार, महेश राज सैनी, देवेंद्र भक्त, प्रदीप भगत, उपेंद्र भगत, महेश भगत, मदन भगत, मोहन भगत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

