लूट की साजिश नाकाम: सोनपुर में हथियारों के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे चार अपराधियों को हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शिवबच्चन चौक के उत्तर मकेर बांध रोड के समीप एक घर में छापा मारा गया, जहां सभी आरोपी एकत्र होकर लूट की साजिश रच रहे थे।
पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान तीन के पास से लोडेड देशी पिस्टल और एक के पास से लोडेड मैगजीन बरामद किया गया। साथ ही मौके से 41 जिंदा कारतूस, चार मोटरसाइकिल, नंबर प्लेट, चाकू, डिजिटल मशीन और अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से लूटपाट करते हैं और चोरी के पैसे से हथियार खरीदते हैं। वे नंबर प्लेट बदलकर अपराध को अंजाम देते थे ताकि पहचान छुपाई जा सके।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक किराये के मकान में छापेमारी कर सोने-चांदी जैसे आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किए, जिन्हें पूर्व की लूट की घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले में सोनपुर थाना कांड संख्या-358/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

