BPSC AEDO EXAM: हवाई चप्पल में ब्लूटूथ से नकल की कोशिश, अभ्यर्थी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा स्थित साधुलाल पृथ्वीचंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के तीसरे चरण की परीक्षा के दौरान सोमवार को नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान की जा रही सघन जांच में एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया, जिससे केंद्र पर तैनात अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान रोहित कुमार, ग्राम बगहा, बैजुबरहोगा, जिला सिवान के रूप में हुई है। जांच के दौरान पाया गया कि उसने हवाई चप्पल में ब्लूटूथ डिवाइस छिपा रखा था, जबकि उसके पेन में माइक्रोफोन लगा हुआ था। यह पूरी व्यवस्था परीक्षा में नकल करने के उद्देश्य से तैयार की गई थी, जिसे फ्रिस्किंग के दौरान पकड़ लिया गया।
घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया और नगर थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।
Chapra News, Exam Cheating Case Bihar, Bluetooth Cheating, Saran Police Action, Education News

