मेहनत की मिसाल: मजदूर की बेटी रेखा ने मैट्रिक में 480 अंक लाकर सारण में तीसरा स्थान किया हासिल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर फुलवरिया गांव की बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। गांव निवासी विमलेश कुमार यादव की सुपुत्री ने बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में 480 अंक प्राप्त कर बिहार स्टेट में 11 वाँ स्थान और सारण जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस सफलता से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि छात्रा के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। छात्रा की माता पुतुल कुमारी और दादा वीर बहादुर यादव का भी उसे भरपूर सहयोग मिला, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से उसने यह उपलब्धि हासिल की। विपरीत परिस्थितियों में भी छात्रा ने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम प्राप्त किया। वहीं मात्र एक नंबर कम अन से टॉप टेन में जगह नहीं बनाने का भी मलाल है।
वह उच्च विद्यालय ताजपुर की छात्रा रही है और शुरू से ही मेधावी व परिश्रमी मानी जाती रही है। छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा और शिक्षकों को दिया है। विशेष रूप से उसने बताया कि उसकी पढ़ाई और मार्गदर्शन में शिक्षक बी के भारतीय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिनके निर्देशन ने उसे इस सफलता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
छात्रा ने बताया कि आगे चलकर वह इंजीनियर बनना चाहती है और इसके लिए जेईई मेन्स की तैयारी कर आईआईटी में प्रवेश लेने का लक्ष्य रखती है। परिवार में शिक्षा का माहौल पहले से ही प्रेरणादायक रहा है। छात्रा का भाई आकाश यादव भी पिछले वर्ष मैट्रिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर चुका है और वर्तमान में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

