नवमी पर आमी में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां अंबिका भवानी मंदिर जयकारों से गुंजायमान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर दिघवारा प्रखंड के आमी गांव स्थित मां अंबिका भवानी मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार की अहले सुबह करीब तीन बजे जैसे ही मंदिर के कपाट खोले गए, दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
सुबह से लेकर देर रात तक सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर और पटना सहित कई जिलों से श्रद्धालु लगातार पहुंचते रहे। महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भी माता के दरबार में हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की, वहीं कई भक्त मन्नत पूरी होने पर प्रसाद चढ़ाते और विशेष पूजन कराते नजर आए।
मंदिर परिसर और उसके आसपास दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा। प्रसाद, फूल-माला और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी गई, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी अच्छा लाभ मिला। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की गई थी, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को काफी राहत मिली।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। दिघवारा थानाध्यक्ष रितेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिससे हर गतिविधि की निगरानी की जा रही थी। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और वाहनों को बाहर ही रोक दिया गया, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
आस्था और श्रद्धा के इस महापर्व पर दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा, जिसने एक बार फिर इस मंदिर की धार्मिक महत्ता और लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।

