वन्दे मातरम् के 150 वर्ष: सारण में सामूहिक गायन से गूंजा देशभक्ति का स्वर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सारण जिले में भव्य और उत्साहपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया गया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स तथा दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। निर्धारित समय पर सभी ने एक स्वर में “वन्दे मातरम्” का गायन किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि “वन्दे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की भावना और ऐतिहासिक गौरव का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने आजादी की लड़ाई के दौरान देशवासियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया था। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि इसके महत्व को समझें और इसे अपनी स्मृतियों में संजोकर रखें।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र के इतिहास, संस्कृति और धरोहरों के प्रति जागरूक बनें और उन्हें आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), सिविल सर्जन सहित कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए कार्य करने का संकल्प लिया, जिससे पूरे जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय गर्व का माहौल देखने को मिला।

