यूपीएससी में 176वीं रैंक: ताजपुर में भांजे की ताजपोशी, सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर पंचायत में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया जब यूपीएससी में 176वीं रैंक हासिल कर आईपीएस बनने वाले रवि शेखर सिंह की ताजपोशी धूमधाम से संपन्न हुई। ताजपुर निवासी एवं प्रखंड उप प्रमुख मनोज सिंह के भगिना रवि शेखर सिंह के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद अंतर्गत नरही थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी दीलीप कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र रवि शेखर सिंह की इस सफलता पर ननिहाल ताजपुर में भव्य स्वागत किया गया। मामा मनोज सिंह एवं अनिल सिंह ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इसके बाद फकीर बाबा स्थल पर विधिवत ताजपोशी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्हें पारंपरिक रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रवि शेखर सिंह ने ताजपुर बाजार स्थित पीर बाबा स्थल पर चादर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
समारोह में पैक्स अध्यक्ष संत सिंह, समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक उमेश सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि रवि शेखर सिंह की सफलता आने वाली पीढ़ी को नई दिशा देगी।
रवि शेखर सिंह की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

