मैट्रिक में मनीष का कमाल: मैट्रिक में राज्य में 8वां व सारण में पहला स्थान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गांव के प्रतिभाशाली छात्र मनीष कुमार यादव ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर 8वां स्थान तथा सारण जिले में पहला स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। दिनेश यादव के पुत्र मनीष ने कुल 483 अंक (96.5 प्रतिशत) प्राप्त कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जिससे पूरे गांव, थाना क्षेत्र और जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
बरेजा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र मनीष ने सभी विषयों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। उनके पिता दिनेश यादव कोलकाता की जूट मिल में कार्यरत हैं, जबकि परिवार में शिक्षा को लेकर विशेष माहौल रहा है। दो भाइयों में बड़े मनीष की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य किया है। उनका छोटा भाई अनीश कुमार भी पढ़ाई में रुचि रखता है और वर्तमान में पांचवीं कक्षा का छात्र है।
मनीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों प्रशांत रंजन एवं प्रिंस कुमार को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका सपना आगे चलकर आईआईटी में चयनित होना है, जिसके लिए वे लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी मां ने भी बताया कि मनीष बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और मेहनती रहा है।
इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र में सम्मान का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ‘समाज’ ने मनीष को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर श्यामा कांत उपाध्याय, मसूद आलम, सम्राट दुबे, महेंद्र कुमार, बिट्टू कुमार पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मनीष की इस ऐतिहासिक सफलता से बरेजा गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और क्षेत्र के अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

