बीकेबी क्लासेस का शानदार प्रदर्शन: रेखा कुमारी राज्य में 11वीं, दर्जनों छात्रों ने 400+ अंक लाकर लहराया परचम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में बीकेबी क्लासेस के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान की छात्रा रेखा कुमारी ने 480 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में 11वां स्थान हासिल किया। वह मात्र एक अंक से राज्य के टॉप-10 में जगह बनाने से चूक गईं, हालांकि टॉपर्स लिस्ट वेरिफिकेशन में शामिल हुई थीं। वहीं सारण जिले में उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
रेखा कुमारी ताजपुर की निवासी हैं और एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता विमलेश कुमार यादव महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता पुतुल देवी ने कठिन परिस्थितियों में भी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। रेखा की इस उपलब्धि से पूरे गांव में गर्व और खुशी का माहौल है। उनका सपना आईआईटी के माध्यम से इंजीनियरिंग कर देश की सेवा करना है।
रेखा की सफलता पर बीकेबी क्लासेस के शिक्षक बीके भारतीय तथा पूर्व जिला पार्षद धर्मेंद्र सिंह ‘समाज’ ने उन्हें मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। परिणाम घोषित होते ही कोचिंग संस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। अन्य छात्र-छात्राएं भी संस्थान पहुंचकर अपने शिक्षक का आशीर्वाद लेते नजर आए।
इस वर्ष बीकेबी क्लासेस के दर्जनों विद्यार्थियों ने 400 से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया है और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रमुख सफल विद्यार्थियों में खुशी कुमारी (गैरतपुर) 400 अंक, अंकिता कुमारी (ताजपुर) 439 अंक, प्रियंका कुमारी 436 अंक, खुशबू कुमारी (डूमाईगढ़) 400 अंक, खुशी कुमारी (डूमाईगढ़) 390 अंक, अभिषेक कुमार (सलेमपुर) 379 अंक, शिवम मिश्रा 389 अंक, साक्षी कुमारी (रनपट्टी) 359 अंक, विवेक कुमार (ताजपुर) 343 अंक, नंदनी कुमारी (ताजपुर) 303 अंक तथा मानसी कुमारी 339 अंक शामिल हैं। इसमें अधिकांश छात्र छात्राओं ने मैथ्स, साइंस और इंग्लिश में 99 और 98 अंक हासिल किए है। इन सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
संस्थान की सफलता के पीछे उसकी विशेष शिक्षण पद्धति को प्रमुख कारण माना जा रहा है। यहां नियमित मंथली टेस्ट आयोजित किए जाते हैं, ऑब्जेक्टिव एवं सब्जेक्टिव दोनों प्रकार के प्रश्नों पर विशेष फोकस किया जाता है। विद्यार्थियों को रटने के बजाय विषय को समझने और स्वयं नोट्स तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाता है। पूरी तरह गतिविधि-आधारित शिक्षण प्रणाली के माध्यम से छात्रों की बौद्धिक क्षमता को विकसित किया जाता है।
इस अवसर पर शिक्षक वीर बहादुर यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बीकेबी क्लासेस की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

