शिक्षा जगत में शोक: पूर्व प्रधानाध्यापक प्रभुनाथ सिंह का निधन, तीन पीढ़ियों को किया शिक्षित
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मांझी नगर पंचायत स्थित दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक तथा प्रखंड के कटोखर गांव निवासी प्रभुनाथ सिंह (83 वर्ष) का रविवार तड़के हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
अपने लंबे शिक्षकीय जीवन में प्रभुनाथ सिंह ने मांझी क्षेत्र की तीन पीढ़ियों को शिक्षित किया। वे न केवल एक शिक्षक, बल्कि समाज के मार्गदर्शक के रूप में भी जाने जाते थे। उनकी सादगी, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण ने उन्हें लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया था। स्थानीय लोगों ने उनके निधन को शिक्षा का अलख जगाने वाले एक युग का अंत बताया।
रविवार की शाम कटोखर से उनकी शव यात्रा निकाली गई, जो दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मांझी पहुंची। वहां दर्जनों लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय, शिक्षक रंजन शर्मा, श्याम बिहारी शुक्ल, सुरेंद्र कुमार सिंह, सरफराज रौशन, भोला ठाकुर, भोला सिंह व्यास सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
इसके बाद देर शाम रिविलगंज के सेमरिया श्मशान घाट पर उनका विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र संजय अनुपम ने मुखाग्नि दी। प्रभुनाथ सिंह के निधन से मांझी क्षेत्र ने एक ऐसे शिक्षाविद को खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

