स्त्री शक्ति संगठन ने महिला दिवस पर आयोजित की ऑनलाइन विचार एवं काव्य गोष्ठी
नई दिल्ली: संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी: को स्त्री शक्ति संगठन द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन विचार एवं काव्य गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की अध्यक्ष ममता शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न वक्ताओं एवं प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विशाल भट्ट, मीडिया प्रभारी प्रेरणा बुडाकोटी, नीतू नागर, माला झा, मंजूषा दुग्गल, प्रीति जायसवाल, पूनम, शोभा, किरण, कीर्ति, अंजू बंसल, रूबी, वंदना राजोरिया, सुधा सहित अन्य सदस्यों ने अपने ज्ञानवर्धक विचार एवं काव्य प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का केंद्रीय विषय महिला दिवस के महत्व एवं नारी शक्ति के आत्मगौरव पर केंद्रित रहा। वक्ताओं ने कहा कि महिला अपने आप में एक संपूर्ण अस्तित्व है, जो परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाएं आज अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं और हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।
चर्चा के दौरान यह भी कहा गया कि महिलाओं का इतिहास संघर्ष, आत्मसम्मान और उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है। वर्तमान समय में आवश्यक है कि नारी शक्ति को और जागृत किया जाए, ताकि वे अपने बच्चों को मूलभूत संस्कार एवं शिक्षा प्रदान कर समाज को सशक्त बना सकें। महिलाओं को केवल घर तक सीमित न रखकर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में स्वतंत्रता और गौरव के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की अध्यक्ष ममता शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

