जिराती में होली मिलन सह संवाद समारोह का आयोजन, सौहार्द का संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: एकमा प्रखंड के पंचुवा पंचायत अंतर्गत जिराती गांव में रविवार को होली मिलन सह संवाद समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला परिषद भाग–3 की पूर्व सदस्य बेबी देवी एवं उनके प्रतिनिधि युवा नेता भाई हरे राम यादव द्वारा किया गया।
समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
इस अवसर पर बेबी देवी एवं हरे राम यादव ने आगंतुकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पारस्परिक प्रेम और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में संवाद की परंपरा को सुदृढ़ करते हैं और विभिन्न वर्गों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकारों ने पारंपरिक फगुआ गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उल्लासमय बना दिया। मौके पर मुखिया जयराम साह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सत्येंद्र कुशवाहा, सुदामा राय, नागेंद्र सिंह, पप्पू राय, बीडीसी राजाराम प्रसाद, पंकज पटेल, संजय रस्तोगी, राजू साह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कमलेश प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नागेंद्र यादव ने किया।
आयोजन ने होली के अवसर पर सामाजिक सद्भाव, संवाद और सामूहिक सहभागिता का प्रेरक संदेश दिया।

