एसएसपी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, 9 लड़कियां मुक्त, दो आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के शोषण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना की टीम ने शनिवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 9 लड़कियों को मुक्त कराया तथा दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई माननीय श्री प्रियंक कानूनगो, सदस्य राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पत्र के आलोक में की गई।
27 फरवरी 2026 को गठित टीम ने मकेर, इशुआपुर, मशरक एवं अमनौर थाना क्षेत्रों में संचालित विभिन्न आर्केस्ट्रा स्थलों की विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवायी जा रही 5 बालिग एवं 4 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई लड़कियों में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उड़ीसा एवं झारखंड की भी पीड़िताएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से दो आर्केस्ट्रा संचालक सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 27.02.2026 दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राज हुसैन, पिता इमाम हुसैन, निवासी बसडोला खास, थाना गोपालगंज, जिला गोपालगंज तथा रोहित कुमार सहनी, पिता नथुन सहनी, निवासी मशरक दखिन टोला, थाना मशरक, जिला सारण के रूप में हुई है। छापेमारी दल में महिला थाना सहित मकेर, इशुआपुर, मशरक एवं अमनौर थाना के पदाधिकारी-कर्मी, प्रभारी एएचटीयू सारण तथा मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सदस्य शामिल थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मई 2024 से अब तक सारण जिले में विशेष अभियान चलाकर कुल 325 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 40 कांड दर्ज करते हुए 107 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। महिलाओं के शोषण के विरुद्ध सारण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘आवाज दो’ अभियान के तहत आमजन से सहयोग की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031600191 जारी किया गया है।

