पुलिस दल पर हमले के तीन अभियुक्त गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती एवं रेड-छापेमारी के दौरान पुलिस दल पर हमला किए जाने के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 फरवरी 2026 की रात एकमा थाना पुलिस थाना कांड संख्या 367/25 के नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए परसागढ़ बाजार में विधिवत छापेमारी कर रही थी। इस दौरान अभियुक्त नितीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के क्रम में अभियुक्त के परिजन एवं अन्य व्यक्तियों ने पुलिस दल पर अचानक हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। हमले में एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य जवान भी आंशिक रूप से घायल हुए। हमलावरों ने बलपूर्वक गिरफ्तार अभियुक्त को छुड़ा लिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस संबंध में एकमा थाना कांड संख्या 57/26 दर्ज कर नामजद एवं अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मिथलेश पटेल, पिता सुनील पटेल, निवासी परसागढ़, थाना एकमा; सुनील पटेल, पिता स्वर्गीय चन्द्रिका राउत, निवासी परसागढ़, थाना एकमा; तथा अभिजीत कुमार, पिता पप्पु प्रसाद, निवासी रुसी, थाना जलालपुर, जिला सारण के रूप में हुई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष एकमा थाना सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

