अवैध शराब छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, दो गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के जनताबाजार थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में होली पर्व को देखते हुए 28 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 09:20 बजे जनताबाजार थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर थाना से करीब तीन किलोमीटर पूर्व स्थित शोभिपुर गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के क्रम में अवैध शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों द्वारा पुलिस दल पर हमला कर दिया गया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य है।
घटना के संबंध में जनताबाजार थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज कर नामजद एवं अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजा चौधरी, पिता स्वर्गीय भगवान चौधरी, निवासी सुधीपुर, थाना जनताबाजार तथा लक्ष्मण चौधरी, पिता स्वर्गीय नर्सिंग चौधरी, निवासी सुधीपुर, थाना जनताबाजार, जिला सारण के रूप में हुई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

