बघौना की बेटी ने बढ़ाया मान: निशा कुमारी ने इंटर साइंस में पंचायत में पहला स्थान हासिल किया
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत बघौना गांव की छात्रा निशा कुमारी ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट (विज्ञान संकाय) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे पंचायत में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे पंचायत में गर्व और खुशी का माहौल है।
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बघौना की छात्रा निशा कुमारी ने कुल 381 अंक प्राप्त कर यह सफलता हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आयोजित एक कार्यक्रम में निशा कुमारी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एथलीट अनमोल कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि निशा की यह सफलता पूरे बघौना और पंचायत के लिए प्रेरणा है।
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, शिक्षक नागेन्द्र कुमार, शिक्षक बी.के. भारतीय, गुड्डू ठाकुर, मदन पंडित, शिक्षिका नीतू सिंह, प्रीति कुमारी, अनु कुमारी, सहित अन्य शिक्षक व शिक्षकों ने भी निशा की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

