जनगणना 2027 की तैयारी तेज: सारण में फील्ड ट्रेनर्स के तीसरे-चौथे बैच का प्रशिक्षण शुरू
/// जगत दर्शन न्यूज
छपरा, 26 मार्च 2026
भारत की आगामी जनगणना को सफल बनाने के उद्देश्य से सारण जिले में जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के तीसरे एवं चौथे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ गुरुवार को डीआरडीए सभागार में किया गया। इस प्रशिक्षण में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 74 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं, जिन्हें जनगणना कार्य के विभिन्न तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।
जिलाधिकारी सह प्रधान जिला जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार एवं एसएलएमटी सह डीसीएलआर आलोक राज ने किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महापर्व है और इस बार यह पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में संपन्न होगी, इसलिए इसे त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पहले ही संपन्न हो चुका है और अब तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी फील्ड ट्रेनर्स पर होगी, जिसकी निगरानी जिला से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में पूरी होगी, जिसमें पहले चरण में 2 मई से 31 मई तक मकान सूचीकरण और मकान गणना की जाएगी। इसके पूर्व 17 अप्रैल से 1 मई तक नागरिकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने सीएमएमएस ऐप के संचालन को सही तरीके से सीखने पर जोर देते हुए कहा कि फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन के बीच समन्वय से ही ‘जीरो एरर’ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान पटना से आईं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर अदिति आनंद एवं जुली कुमारी ने जनगणना से जुड़े कानूनी प्रावधानों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, मकान ब्लॉक निर्माण, नक्शा तैयार करने, हाउस लिस्टिंग तथा सीएमएमएस पोर्टल संचालन पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की तकनीकी समझ को मजबूत किया गया। सत्र के अंत में ऑनलाइन परीक्षा के जरिए प्रशिक्षुओं की क्षमता का मूल्यांकन भी किया गया।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, सहायक जिला सांख्यिकी पदाधिकारी धर्मजय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सारण जिले में जनगणना कार्य के लिए व्यापक तैयारी की गई है, जिसमें कुल 144 फील्ड ट्रेनर्स, 7260 ग्रामीण प्रगणक, 179 शहरी प्रगणक, 1234 सुपरवाइजर सहित विभिन्न स्तरों पर सैकड़ों कर्मियों की तैनाती की गई है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी जनगणना को सटीक, पारदर्शी और सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#Census2027 #SaranNews #Chapra #DigitalCensus #TrainingProgram #BiharNews #Governance
