विश्व क्षय दिवस पर छपरा में पोषाहार वितरण, जागरूकता संगोष्ठी में टीबी उन्मूलन पर जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: विश्व क्षय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा स्थानीय साधनापुरी स्थित शाखा कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों के बीच पोषाहार का वितरण किया गया और संगोष्ठी के माध्यम से मरीजों एवं उनके परिजनों को रोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि किसी भी देश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने टीबी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वच्छता, पौष्टिक आहार और पर्यावरण संरक्षण को आवश्यक बताया तथा सार्वजनिक स्थानों पर खांसने, छींकने और थूकने से बचने की अपील की।
संस्था की संस्थापिका डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि वर्ष 2001 में स्थापना के बाद से संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्तदान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था ने सारण जिला यक्ष्मा केंद्र के सहयोग से अब तक पांच हजार से अधिक टीबी मरीजों को स्वस्थ करने में योगदान दिया है, वहीं उत्तर प्रदेश में करीब 20 हजार मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषाहार उपलब्ध कराया गया है।
“हां, हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वरीय पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मरीजों के मनोबल को मजबूत करने का संदेश दिया।

