सरयू में समा गई तीन जिंदगियां: लकड़ी काटने गए बच्चों की सरयू नदी में डूबकर मौत, मटियार गांव में मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत मटियार पंचायत के मटियार गांव में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सरयू नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत मटियार गांव में सरयू नदी के उस पार लकड़ी काटने गए सात लोगों में से तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मटियार निवासी पप्पू महतो का 10 वर्षीय पुत्र गुंजन कुमार नदी किनारे पानी पीने गया था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीया बड़ी बहन रजनी कुमारी नदी में उतरी, लेकिन वह भी डूबने लगी। इसी दौरान उनकी मौसी की पुत्री, बनियापुर थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर निवासी कृष्णा महतो की 13 वर्षीया पुत्री प्रियांशू कुमारी भी बचाने के प्रयास में नदी में कूद गई, जिससे तीनों की डूबकर मौत हो गई।
घटना के समय मौजूद अन्य दो किशोरों ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। हालांकि वे खुद किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव नदी से बरामद किए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हादसा एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है। गांव में एक साथ तीन बच्चों की मौत से हर कोई स्तब्ध है और परिजनों के दुख में पूरा क्षेत्र सहभागी बना हुआ है।

