अचानक गिरी जिंदगी की रफ्तार, परिवार और क्षेत्र में पसरा मातम
हृदय विदारक घटना: अब नहीं रहे मृदुभाषी वीरेश सिंह, हार्ट अटैक से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
सारण (बिहार): सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर गांव निवासी वीरेश कुमार सिंह का गुरुवार दोपहर अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे AWPL कंपनी में अमराल लेवल (5 वे पायदान) पर कार्यरत एक सक्रिय डिस्ट्रीब्यूटर थे और अपने मिलनसार स्वभाव व सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे।
इस संबंध में उनके बड़े भाई शिक्षक बबुआ नंद सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि वीरेश कुमार सिंह कंपनी के कार्य से सिवान जिले के दूरौंदा गए हुए थे। इसी दौरान वे कुर्सी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे कि अचानक उन्हें तेज हार्ट अटैक आया और वे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इस दुखद समाचार के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लगभग 50 वर्षीय वीरेश कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी सहित अविवाहित दो पुत्री और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका बड़ा पुत्र विवेक कुमार सिंह ग्रेटर नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वे अपने भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार व समाज में सभी के प्रिय थे।
शुक्रवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार डुमाईगढ़ घाट पर किया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शोक व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे, जिनमें प्रो. जनार्दन सिंह, शिक्षक उमेश सिंह, शिक्षक रत्नेश रतन, बी.के. भारतीय, सुनील मिश्रा, मांझी प्रखंड के उप प्रमुख मनोज सिंह, पूर्व जिला पार्षद सदस्य धर्मेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।

