सड़क दुर्घटना और जमीनी विवाद में दो युवक घायल
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक घायल हो गए। पहली घटना सरौत गांव की है, जहां आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी लालमोहर राम के पुत्र गुड्डू कुमार राम के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे तत्काल इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
वहीं दूसरी घटना सिसवन–सीवान मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के निवासी संजय शर्मा के पुत्र रवि शर्मा के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

