सिसवन अंचल कार्यालय में जनता दरबार, जमीनी विवादों के पांच मामलों की हुई सुनवाई
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड स्थित सिसवन अंचल कार्यालय में जमीनी विवादों के निपटारे के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई कर उनका समाधान करने का प्रयास किया गया। जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से आए फरियादियों ने अपने-अपने विवादों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
इस संबंध में सिसवन अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जमीनी विवादों के निपटारे के लिए प्रखंड क्षेत्र के कई स्थानों से लोगों द्वारा आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया था, ताकि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विवाद का समाधान किया जा सके।
जनता दरबार के दौरान कुल पांच मामलों पर सुनवाई की गई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और विवादों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। अंचल अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की कोशिश है कि भूमि से जुड़े विवादों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही शीघ्रता से कराया जाए, जिससे लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

