ताजपुर में लायंस क्लब ऑफ छपरा के सौजन्य से नि:शुल्क मेडिकल कैम्प, सैकड़ों मरीजों का हुआ इलाज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर गांव में पूर्व मुखिया सुरेन्द्र कुमार सिंह के आवासीय परिसर में लायंस क्लब ऑफ छपरा के सौजन्य से नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में छपरा के प्रसिद्ध चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया। शिविर में आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे।
मेडिकल कैम्प का विधिवत उद्घाटन माँझी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह, पूर्व मुखिया सुरेन्द्र कुमार सिंह, अमित सिंह तथा लायंस क्लब ऑफ छपरा के अध्यक्ष डॉ संदीप कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में छपरा के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें डॉ अशोक कुमार सिंह, डॉ विधि सिंह, डॉ अमित रंजन, डॉ उज्ज्वल कुमार वर्मा, डॉ नीरज कुमार, डॉ जयंत कुमार, डॉ रंजीत कुमार सिंह, डॉ पवन कुमार सिंह तथा डॉ संजीव गुप्ता शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।
मेडिकल कैम्प के दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

