खनन निरीक्षक से मारपीट मामले में दो गिरफ्तार
सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी
छपरा/सारण (बिहार): नगर थाना क्षेत्र में खनन निरीक्षक के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:40 बजे नगर थाना क्षेत्र में खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बिना वैध परिवहन चालान के पीला बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोका। इसी दौरान अन्य ट्रैक्टर चालकों एवं लाइनरों ने एकजुट होकर खनन निरीक्षक और उनके चालक के साथ मारपीट की तथा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करते हुए अपने साथी को छुड़ा लिया।
इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 224/26, दिनांक 08.03.2026 दर्ज किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मामले में संलिप्त दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में नागेन्द्र राय (पिता- स्व. जनार्धन राय), निवासी नया टोला विसुनपुरा, थाना मुफ्फसिल तथा बृज किशोर राय (पिता- स्व. जगदेव राय), निवासी दरियावगंज, थाना मुफ्फसिल, जिला सारण शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

