थाना में घुसकर पुलिस पर हमला, 14 गिरफ्तार
पांच महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल, कार, टाटा मैजिक व बाइक जब्त
सारण (बिहार): मशरख थाना परिसर में पुलिस पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पांच महिला अभियुक्त और एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है। घटना में प्रयुक्त एक कार, एक टाटा मैजिक और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च को मशरख थाना परिसर में कुछ लोगों ने नाजायज मजमा बनाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जबरन थाना परिसर में घुसकर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की तथा हमला किया। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जांच में पता चला कि चाँद बरवा गांव में सड़क पर गति अवरोधक (ब्रेकर) बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवी तत्वों ने अभद्र व्यवहार किया। बाद में वही लोग थाना परिसर पहुंचकर हंगामा और हमला करने लगे।
घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा-2 के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में मशरख थाना कांड संख्या 147/26, दिनांक 08.03.2026 दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नितेश कुमार, उपेंद्र राम, मटूक कुमार राम, मिथुन कुमार, अमित कुमार (सभी बहरौली निवासी), देवनारायण राम, अनुज कुमार राम, बिट्टू कुमार (सभी चाँद बरवा निवासी) सहित एक विधि-विरुद्ध बालक और पांच महिला अभियुक्त।

