शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: कार से 82 लीटर अवैध शराब बरामद, 4 गिरफ्तार
बलिया (उत्तर प्रदेश): जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बैरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹52 हजार बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह और उपनिरीक्षक अजय कुमार अपनी टीम के साथ बैरिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दया छपरा की ओर से आ रही सिल्वर रंग की कार में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन संख्या HR29AB 3485 की टोयोटा इटियोस कार से 6 बंद पेटियां और 168 पाउच अवैध शराब बरामद हुई।
प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब भरी थी। इस तरह कुल बरामद मात्रा 82.08 लीटर “ऑफिसर्स च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की” पाई गई।
पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन अभियुक्त बिहार के सारण जनपद के निवासी तथा एक बलिया का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

