मत्स्य पालन के उन्नत तकनीक सीखने को सारण से 30 प्रशिक्षणार्थियों का दल कोलकाता रवाना
सारण (बिहार): सारण जिले में मत्स्य पालन को आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से विकसित करने के उद्देश्य से जिला मत्स्य कार्यालय, सारण छपरा से 30 प्रशिक्षणार्थियों का दल मंगलवार को सात दिवसीय प्रशिक्षण के लिए साल्ट लेक, कोलकाता के लिए रवाना हुआ। यह प्रशिक्षण 11 मार्च से 17 मार्च 2026 तक केंद्रीय मत्स्यकी शिक्षा संस्थान में आयोजित किया जाएगा, जहां किसानों को मत्स्य पालन से संबंधित उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को मत्स्य पालन के क्षेत्र में हो रही नवीनतम प्रगति से अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्नत मत्स्य पालन, मछलियों में होने वाली बीमारियों और उनके निदान, मत्स्य पालन में परिपूरक आहार का उपयोग, बायोफ्लॉक तकनीक, मिश्रित मत्स्य पालन तथा मत्स्य बीज हैचरी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को यह भी बताया जाएगा कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर मत्स्य उत्पादन में किस प्रकार वृद्धि की जा सकती है।
प्रशिक्षण दल के साथ विभागीय पदाधिकारी राजू कुमार, मत्स्य विकास पदाधिकारी भी कोलकाता गए हैं, जो प्रशिक्षण के दौरान किसानों का मार्गदर्शन करेंगे। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रदीप कुमार, उप मत्स्य निदेशक सारण परिक्षेत्र छपरा सुमन कुमार, मत्स्य विकास पदाधिकारी नरेंद्र कुमार, कुमारी आस्था मिश्रा, नीतीश कुमार, रविंद्र कुमार, परसा के विक्रम कुमार, दरियापुर के वीरेंद्र राम, बनियापुर के नवीन कुमार शर्मा, मढ़ौरा के गुलशन कुमार, सोनपुर के विकास कुमार राम, जलालपुर के धीरज कुमार, मकेर के अभिषेक कुमार तथा दिघवारा के कृष्ण मुरारी प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

