पीएम केयर्स योजना के लाभार्थियों के पढ़ाई और भविष्य को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
सारण (बिहार): सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पीएम केयर्स योजना के तीन लाभार्थियों के साथ नियमित तिमाही बैठक की। इस बैठक में जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य तथा उनकी शैक्षणिक स्थिति की विस्तार से जानकारी ली और उनके भविष्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान दो लाभार्थियों ने बताया कि वे वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं और आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई को निर्देश दिया कि वे जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर लाभार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करें।
वहीं तीसरे लाभार्थी ने बताया कि वह फिलहाल एक निजी संस्था में कार्यरत है। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई को निर्देशित किया कि संबंधित लाभार्थी को कुशल युवा कार्यक्रम के तहत लाभान्वित कराया जाए, ताकि उसके कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल संरक्षण पदाधिकारी, समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
/

