संबल योजना के तहत मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण को लेकर स्क्रीनिंग समिति की बैठक, 78 आवेदन स्वीकृत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबल योजना के तहत मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण के लिए गठित जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 159 आवेदनों को समिति के समक्ष निर्णय के लिए प्रस्तुत किया गया। सभी आवेदनों की सम्यक जांच के बाद समिति ने 78 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की, जबकि 22 आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शेष आवेदनों में संलग्न दिव्यांगता प्रमाण पत्रों के सत्यापन को लेकर सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी से इसकी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों की सही तरीके से पुष्टि होने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रखंड स्तर पर लंबित आवेदनों की स्थलीय जांच कर तीन कार्यदिवस के भीतर उसकी रिपोर्ट जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग को भी निर्देश दिया कि वितरण के लिए लंबित सहायक उपकरणों की सूची सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

