नंदपुर हत्याकांड में एसएसपी पहुंचे घटनास्थल, शोरगुल के कारण दब गई महिला की चीख—ग्रामीणों ने बताई वजह
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में हुई महिला हत्या की घटना की जांच को लेकर सोमवार को सारण के एसएसपी विनीत कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया। एसएसपी के गांव पहुंचने के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की तहकीकात में जुटा रहा।
ग्रामीणों ने एसएसपी को बताया कि घटना की रात गांव और आसपास के इलाके में कई कार्यक्रमों के कारण अत्यधिक शोरगुल था। घर से कुछ ही दूरी पर एक बारात आई हुई थी, जिसमें आर्केस्ट्रा चल रहा था। दूसरी ओर तिलकोत्सव के कार्यक्रम में डीजे बज रहा था, वहीं मृतका के घर के पीछे एक जन्मदिन की पार्टी भी आयोजित थी। इसके अलावा समीप के अलियासपुर गांव में अखंड अष्टयाम का आयोजन हो रहा था। इन सभी कार्यक्रमों के शोर में मृतका की चीख–पुकार दब गई, जिससे आसपास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लग सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि अत्यधिक शोर की वजह से अगल–बगल के घरों में रहने वाले लोगों को भी रात में किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। सुबह जब परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में देखा और शोर मचाया, तब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

