बच्चे पर पेट्रोल छिड़ककर हमला, इलाज जारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी नगर पंचायत के दुर्गापुर गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दरवाजे पर सो रहे एक दस वर्षीय बच्चे पर पेट्रोल छिड़ककर हमला कर दिया गया। घायल बच्चे की पहचान दुर्गापुर निवासी छटू साह के दस वर्षीय पुत्र विकास साह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गांव के ही बंगला टोला निवासी प्रमोद साह के दस वर्षीय पुत्र ने विकास साह के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और मौके से भाग गया। घटना के बाद बच्चे की चीख–पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्चे को आनन–फानन में माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे को आवश्यक सूई और दवाएं दी जा रही हैं तथा उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार दो से चार दिनों में बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना जताई जा रही है।
इस घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू करेगी। घटना के बाद गांव में तरह–तरह की चर्चाएं हो रही हैं और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

