जनगणना का आधार है प्रशिक्षण, इसमें अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं: डीएम
सारण (बिहार): भारत की आगामी जनगणना को लेकर आयोजित प्रथम बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सत्र की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही जनगणना का आधार है और इसमें किसी भी प्रकार की अनुपस्थिति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य है और इसके बाद ही अन्य कार्यों को महत्व दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारियों से पहले दिन के प्रशिक्षण का पुनर्कथन कराया तथा रैंडम प्रश्न पूछकर प्रतिभागियों के क्षमतावर्धन का आकलन किया। जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण पहले प्रेक्षागृह में आयोजित किया जा रहा था, जिसे अब समाहरणालय सभागार में स्थानांतरित कर दिया गया है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान स्टेट ट्रेनर अदिति आनंद और जुली कुमारी ने पीपीटी के माध्यम से अलग-अलग सत्रों में विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। इनमें जनगणना अधिकारियों की भूमिका और कानूनी प्रावधान, निधि प्रबंधन, जनशक्ति और प्रचार गतिविधियां, जनगणना के आधार का निर्माण, जनगणना में प्रयुक्त प्रक्रियाएं, अवधारणाएं और परिभाषाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही मकान सूचीकरण सर्वे में पूछे जाने वाले कुल 34 प्रश्नों का अवलोकन भी कराया गया।
प्रशिक्षण में सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (सीएमएमएस) का परिचय, इसके मॉड्यूल, विशेषताएं, उपयोगकर्ताओं के प्रकार, उपयोगकर्ता पंजीकरण, सीएमएमएस मकान गणना प्रबंधन, मकान गणना ब्लॉक क्रिएटर तथा लेआउट मैप तैयार करने के माध्यम से एचएलबी कार्विंग की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके अलावा सीएमएमएस प्रशिक्षण प्रबंधन, नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र तैयार करने, पहचान पत्र जारी करने में क्या करें और क्या न करें, लॉजिस्टिक्स और प्रिंटिंग, डेटा एंट्री मॉड्यूल, ग्राम व नगर चार्ज रजिस्टरों की तैयारी, डैशबोर्ड के उपयोग तथा स्व-गणना की प्रक्रिया और प्रदर्शन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
स्टेट ट्रेनर सह डीआईओ तारणी कुमार ने प्रत्येक सत्र और विषय पर संवादात्मक तरीके से प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, डीपीआरओ रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, स्टेट ट्रेनर सह डीसीएलआर आलोक राज, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी धर्मजय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

