मांझी में पैक्स चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, पहले दिन 20 प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के मटियार तथा बरेजा पंचायत में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) मटियार और बरेजा के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद प्रखंड मुख्यालय परिसर में बनाए गए काउंटर पर अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
जारी अधिसूचना के अनुसार पहले दिन मटियार पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष धनंजय ठाकुर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 11 अभ्यर्थियों ने नामजदगी के परचे जमा किए। वहीं बरेजा पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को एक भी नामांकन नहीं हुआ, लेकिन कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए आठ अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस प्रकार पहले दिन दोनों पंचायतों को मिलाकर कुल 20 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। पैक्स चुनाव को लेकर प्रखंड प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान की तैयारी शुरू कर दी है।
आरओ सह बीडीओ उपेंद्र दास ने बताया कि प्रखंड परिसर में बनाए गए काउंटर पर प्रतिनियुक्त एआरओ के समक्ष प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 7 मार्च तक जारी रहेगी, जिसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

