पंडित गिरीश तिवारी की जयंती पर जुटे जनप्रतिनिधि, विधायक ने सामुदायिक भवन निर्माण का किया ऐलान, राजकीय दर्जा दिलाने की उठी मांग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड क्षेत्र में प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री पंडित गिरीश तिवारी की 127वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। बरेजा स्थित उनके स्मारक स्थल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए और पंडित जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि एक वर्ष के भीतर पंडित गिरीश तिवारी के नाम पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंडित जी ने अपने जीवन में राजनीतिक शुचिता और आदर्शों की जो परंपरा स्थापित की, उसे आत्मसात कर देश की राजनीति को नई दिशा दी जा सकती है। विधायक ने यह भी कहा कि अगले वर्ष से इस जयंती समारोह को राजकीय सम्मान दिलाने के लिए वे सड़क से लेकर विधानमंडल तक संघर्ष करेंगे।
समारोह का शुभारंभ स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ, जिससे कार्यक्रम का माहौल गरिमामय हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बलराम पाण्डेय ने की, जबकि मंच संचालन मुखिया प्रतिनिधि जेपी पाण्डेय ने किया। बरेजा पंचायत के मुखिया राजेश पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख अनिल पाण्डेय, पूर्व मुखिया कमलेश द्विवेदी, विजय सिंह, देवेन्द्र सिंह, केशव सिंह, उमाशंकर ओझा, विजय शंकर शुक्ल, कामरेड अरुण कुमार, प्रो. ओम प्रकाश सिंह एवं निरंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इधर प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थित पंडित तिवारी की प्रतिमा स्थल पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जदयू नेता उमाशंकर ओझा की अध्यक्षता में दर्जनों लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय ने प्रतिमा स्थल के ऊपर छत निर्माण कराने की घोषणा की, ताकि श्रद्धांजलि देने आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

