महिला दिवस पर सरपंच अन्नपूर्णा जी को मिला ‘अहिल्याबाई होल्कर पुरस्कार’
नागपुर (महाराष्ट्र): नागपुर जिले के सावनेर तहसील अंतर्गत वाकी गांव में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। गांव की सरपंच सौ. अन्नपूर्णा जी ने कड़े संघर्ष के बावजूद तीसरी बार सरपंच पद जीतकर हैट्रिक बनाई है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें ‘अहिल्याबाई होल्कर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान डॉ कविता परिहार, अध्यक्षा उत्कर्ष बहु उद्देशीय संस्था द्वारा प्रदान किया गया। संस्था की ओर से डॉ. कविता परिहार स्वयं वाकी गांव पहुंचीं और सरपंच अन्नपूर्णा जी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार सरपंच पद हासिल करना किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए बड़ी उपलब्धि है, जो उनकी लोकप्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
डॉ. कविता परिहार ने महिला दिवस के अवसर पर अन्नपूर्णा जी को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह संघर्ष और सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्नपूर्णा जी आगे भी इसी तरह समाज और गांव के विकास के लिए कार्य करती रहेंगी और महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी। समारोह के दौरान संस्था के सदस्यों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

