छठ के बाद ट्रैफिक का दबाव: एनएच-19 पर 10 घंटे जाम, लगी 8 किमी तक वाहनों की लंबी कतार
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सारण जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर बुधवार की सुबह से भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर लगे इस जाम के कारण सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे जनजीवन पर भी व्यापक असर पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मांझी के बलिया मोड़ से लेकर रिविलगंज के सेमरिया तक करीब आठ किलोमीटर लंबी सड़क पर लगभग दस घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन भी रेंगने को मजबूर हो गए। सड़क पर फंसे यात्रियों को पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि छठ पूजा के अर्घ्यदान के बाद छपरा शहर से बड़ी संख्या में वाहनों की एक साथ वापसी के कारण ट्रैफिक का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। त्योहार के बाद अचानक बढ़े यातायात को संभालने में प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मांझी थाना पुलिस ने सक्रिय भूमिका निभाई और लगातार प्रयासों के बाद बुधवार की शाम तक आवागमन को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

