वार्ड की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का विरोध, कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सारण जिले के मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि एवं रघुनाथ गिरी के मठिया निवासी सुमित कुमार गिरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपते हुए वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने मुख्य पार्षद पर विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड संख्या एक में स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं का लाभ वार्ड के जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया ने आवेदन का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों की शिकायतों का बिंदुवार जवाब दिया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कुछ हद तक शांत हुआ।
ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि द्वारा सारण के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर वार्ड के लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद अब स्थानीय स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर सक्रियता बढ़ी है।

