दर्दनाक हादसा: शराब लदी कार ने मारी टक्कर, पान दुकानदार की मौत
सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन, पुलिस से वार्ता बेनतीजा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी–एकमा मुख्य मार्ग पर नौतन बाजार में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पान दुकानदार मुसाफिर साह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि वे अपनी दुकान खोल रहे थे, तभी तेज रफ्तार शराब लदी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित कार उछलकर सड़क किनारे खाड़ी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही एकमा, रसूलपुर, मांझी और दाउदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो सका।
परिजनों और ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग रखी कि जब तक सारण के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। मौके पर पहुंचे डीएसपी राज कुमार सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार में सवार शराब तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
अपडेट: दोपहर करीब 12 बजे डीएसपी राज कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार, एकमा अंचल के आरक्षी निरीक्षण वीरेंद्र सिंह, आदि के साथ ग्रामीणों की सकारात्मक बातचीत हुई तथा सभी पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से सड़क जाम को हटा कर आवागमन चालू करा दिया गया।

