मांझी के बंगरा हेल्थ सेंटर को राष्ट्रीय गुणवत्ता में 92.6% अंक, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत बंगरा पंचायत स्थित स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि पर शनिवार को जिला सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन राजकुमार चौधरी द्वारा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मधु कुमारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बताया जाता है कि इससे पूर्व मटियार पंचायत के स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र को भी 87.23 प्रतिशत अंक प्राप्त होने पर सम्मानित किया जा चुका है, जिसमें डॉ. रोहित कुमार और स्वास्थ्य अधिकारी प्रियंका चंदौलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इस प्रकार एक ही प्रखंड के दो स्वास्थ्य केंद्रों का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे प्रखंड के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टीम द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के बाद केंद्र के विकास के लिए सरकार द्वारा अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत उन स्वास्थ्य केंद्रों को प्रमाण पत्र दिया जाता है, जो गुणवत्ता, स्वच्छता और मरीजों की देखभाल से जुड़े सात निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
#Manjhi #SaranNews #HealthCenter #NQAS #Healthcare #BiharNews #QualityHealth

