माँझी कृषि विज्ञान केंद्र में तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, श्री अन्न के बीज उत्पादन पर किसानों को मिली विशेष जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के कृषि विज्ञान केंद्र माँझी में “श्री अन्न का बीज उत्पादन तकनीक एवं बीज मूल्य श्रृंखला का विकास” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 23 से 25 मार्च तक चले इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाले महिला एवं पुरुष किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अंतर्गत बिहार पोषक अनाज मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसकी मुख्य अन्वेषक डॉ. श्वेता मिश्रा रहीं।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव, सह प्राध्यापक, बीज निदेशालय ढोली ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम की उपयोगिता और इससे जुड़े प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्ता युक्त बीज उत्पादन के लिए आवश्यक शस्य तकनीकों और नियमों पर विशेष जोर दिया। वहीं केवीके के वरीय वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार राय ने किसानों को श्री अन्न अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके पोषण और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डाला। सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमित कुमार सिंह ने मोटे अनाजों की उन्नत किस्मों और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन की तकनीक से किसानों को अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला ने बताया कि माँझी क्षेत्र की जलवायु और मृदा श्री अन्न की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने इसके उत्पादन तकनीक एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कृषि अभियांत्रिकी विशेषज्ञ डॉ. सुषमा टम्टा ने आधुनिक कृषि यंत्रों की उपयोगिता और मोटे अनाजों के मूल्य संवर्धन पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. विजय कुमार ने मिट्टी की जांच की प्रक्रिया और उसके लाभ के बारे में किसानों को जागरूक किया।
तीसरे दिन डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक (अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग) ने किसानों को श्री अन्न के पारंपरिक बीजों के संरक्षण की तकनीकों से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल किसानों को मडुवा, कोनी, सावा एवं हरे चारे के बीज भी प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराए गए, ताकि वे व्यवहारिक रूप से इन तकनीकों को अपना सकें।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सारण जिले के माँझी, रिवीलगंज, जलालपुर, गड़खा, नगरा एवं मढ़ौरा प्रखंडों से कुल 35 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया, जिनमें बागेंद्र महतो, नर्वदेश्वर गिरी, परमहंस सिंह, कृष्णा सिंह, दारोगा यादव, विनय कुमार, बीरेंद्र यादव, संजय यादव, राजेश सिंह, सुनीता देवी, सरिता कुमारी, सोनम कुमारी, डिम्पल कुमारी एवं मीरा देवी प्रमुख रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केंद्र माँझी के अमितेश कुमार गौरव, राकेश कुमार, मनोज कुमार, उमाशंकर कुमार, अविनाश पाण्डेय एवं संतोष कुमार का सराहनीय योगदान रहा।

