नागपुर के दत्त नगर में माता की चौकी का भव्य आयोजन, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
नागपुर (महाराष्ट्र) | 24 मार्च 2026
नागपुर के दत्त नगर बेसा स्थित दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान देवी माँ के भजनों ने ऐसा आध्यात्मिक माहौल बनाया कि समय का पता ही नहीं चला और देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे।
इस आयोजन में लोकगीत, फिल्मी भक्ति गीत, स्वरचित प्रस्तुतियां और विशेष रूप से लांगुरिया गीतों ने समां बांध दिया। भक्ति गीतों की धुन पर उपस्थित महिलाएं झूम उठीं और पूरे प्रांगण में उत्साह और आस्था का वातावरण बना रहा। “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” जैसे लोकप्रिय भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, वहीं लांगुरिया गीतों ने अपनी अलग ही छटा बिखेरी।
कार्यक्रम के अंत में विधि-विधान से माता की आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन के दौरान चाय और जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी संयोजिका डॉ. कविता परिहार ने निभाई। साथ ही संस्था द्वारा बाल कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
इस अवसर पर प्रतिभा चौधरी, संध्या साहू, सुनीता शर्मा, दीक्षा ठाकुर, कमल शर्मा, भारती भोगे, संगीता साहू, पायल साहू, मनीषा निनावे, विमल पटेल, देवगढ़े भाभी, कॉल पांडे भाभी, संगीता बैस, दर्शना सरोदे सहित कई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में “जय माता दी” के जयकारों से पूरा मंदिर प्रांगण गूंज उठा।

