मांझी के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
छठ की तैयारी में निकले थे, हादसे ने छीन ली जिंदगी
दिल्ली के बहादुरगढ़ में सड़क हादसा, माँझी के फूफा-भतीजे की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी नगर पंचायत क्षेत्र के मियां पट्टी और अलियासपुर गांव के दो युवकों की सोमवार को बहादुरगढ़ (दिल्ली-रोहतक रोड) में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मियां पट्टी निवासी राधामोहन राम के 22 वर्षीय पुत्र शम्भू राम तथा अलियासपुर के उसर पर गांव निवासी स्व. मंगल राम के 35 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार राम के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में फूफा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि दोनों युवक छठ पर्व के खरना के लिए आम की लकड़ी लाने घर से निकले थे। इसी दौरान बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (MIE) स्थित मामा चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक (HR-63E-4325) ने सड़क पार कर रहे दोनों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि ट्रक की चपेट में आकर एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक शम्भू राम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और दिल्ली में रहकर एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था, जबकि अशोक कुमार राम भी एक फैक्ट्री में कार्यरत था।
खबर लिखे जाने तक दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था और परिजन शवों को गांव लाने की तैयारी में जुटे हुए थे। इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
Manjhi accident news, Bahadurgarh road accident, Saran Bihar news, migrant workers accident, Bihar tragedy

