सारण: किराना दुकानदार की बेटी रौशनी कुमारी ने रचा इतिहास, इंटर आर्ट्स में 95% के साथ स्टेट टॉप-5 में जगह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के छपरा की बेटी रौशनी कुमारी ने कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर इंटरमीडिएट आर्ट्स परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर मिसाल कायम की है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित परिणाम में रौशनी ने 95 प्रतिशत (475 अंक) प्राप्त कर पूरे राज्य में टॉप-5 में स्थान बनाया है, साथ ही वह सारण जिले की टॉपर भी बनी हैं।
मौना हुस्से क्षेत्र निवासी संजय कुमार गुप्ता और पूनम देवी की पुत्री रौशनी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता शहर में एक छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद रौशनी ने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करती रहीं।
रौशनी विशेश्वर सेमिनरी स्कूल की छात्रा हैं और उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल अपने परिवार बल्कि स्कूल, जिले और पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। विषयवार प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने इतिहास में 97, अंग्रेजी में 90, भूगोल में 95, हिंदी में 95 और राजनीतिक विज्ञान में 98 अंक प्राप्त कर सभी विषयों में डिस्टिंक्शन हासिल की है।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं मोहल्ले और आसपास के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं। रौशनी की सफलता पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
रौशनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनके माता-पिता ने कभी पढ़ाई में कमी नहीं आने दी। रौशनी का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज की सेवा करना है।
रौशनी की यह कहानी उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को छोटा समझते हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मजबूत इरादों और मेहनत के बल पर हर मुश्किल को पार किया जा सकता है।
Chapra topper, Bihar inter topper 2026, Roshni Kumari, Saran news, BSEB arts topper

