‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम में महिलाओं को किया गया जागरूक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के गड़खा प्रखंड अंतर्गत कसीना पंचायत भवन में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत “सखी वार्ता” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सक्षमा दीदी एवं सी-3 के जिला समन्वयक के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं और अधिकारों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) निभा सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का सशक्त और जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं अपने जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। इस दौरान महिलाओं को लैंगिक हिंसा, बाल विवाह की रोकथाम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सक्षमा दीदी ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि एक जागरूक महिला ही परिवार और समाज को सही दिशा दे सकती है। वहीं सी-3 के जिला समन्वयक ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए छोटे-छोटे रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न सामाजिक विषयों पर खुलकर चर्चा की और अंत में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा एक-दूसरे का सहयोग करने का संकल्प लिया। आयोजन में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
Sakhi Varta Program, Garhka News, Women Empowerment Bihar, Saran News, Mission Shakti

