पईन अतिक्रमण से बढ़ी जलजमाव की समस्या, लोगों ने नगर पंचायत से लगाई गुहार
सारण (बिहार): मांझी नगर पंचायत क्षेत्र में दीघा पोखरा से घाघरा (सरयू) नदी तक जाने वाले सरकारी पईन पर अतिक्रमण के कारण गंभीर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा पईन को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है और आसपास के कई एकड़ जमीन के साथ-साथ दर्जनों घर जलमग्न हो गए हैं।
बताया जाता है कि यह पईन मांझी-दरौली पथ स्थित पुलिया के माध्यम से दीघा पोखरा के पानी को घाघरा नदी तक पहुंचाने का मुख्य मार्ग है। लेकिन पुलिया को भी बंद कर दिए जाने से पानी का बहाव रुक गया है, जिससे क्षेत्र में जलजमाव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके चलते माली टोला से थाना बाजार जाने वाला मार्ग भी बाधित हो गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि लंबे समय तक जलजमाव रहने से महामारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत मांझी की कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर पईन की मापी कर अतिक्रमण हटाने और उसकी सफाई कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। वहीं प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
Manjhi Waterlogging, Drain Encroachment Bihar, Saran News, Ghaghra River Drain Issue, Local Problem News
#Waterlogging #ManjhiNews #SaranNews #DrainIssue #BiharNews #PublicProblem

