खेत किनारे पानी भरे गड्ढे में गिरे बिजली तार से करंट, शौच करने गए किसान की मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरखेलपार गांव में एक दर्दनाक हादसे में खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय दुर्गा यादव के रूप में हुई है, जो देर शाम शौच के लिए खेत की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में टूटकर गिरा विद्युत तार पानी भरे गड्ढे में पड़ा था, जिससे आसपास का क्षेत्र करंट की चपेट में आ गया था।
अज्ञानतावश जैसे ही दुर्गा यादव उस स्थान के समीप पहुंचे, वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जर्जर तारों की मरम्मत और नियमित निरीक्षण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Manjhi news, Daudpur electric shock death, Saran accident news, Chhapra sadar hospital, Bihar rural incident

