सघन टिकट जांच अभियान में मिले 91 यात्री विदाउट टिकट, लगा ₹24,965 का जुर्माना
सारण (बिहार): मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 5 फरवरी 2025 को गोरखपुर कैंट–थावे–छपरा कचहरी रेलखंड पर व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई।
इस अभियान के तहत कप्तानगंज, पड़रौना, थावे एवं छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर सघन टिकट जांच की गई। इस दौरान छपरा–थावे सवारी गाड़ी (75103), थावे–नकहा जंगल सवारी गाड़ी (75105), गुवाहाटी–जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस (15653), मथुरा–छपरा एक्सप्रेस (15110) सहित विभिन्न मेल और सवारी ट्रेनों में किलाबंदी कर यात्रियों के टिकटों की जांच की गई।
टिकट जांच अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे श्री विशाल सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक कप्तानगंज श्री महेंद्र शुक्ला, मुख्य टिकट निरीक्षक मोहम्मद सईद अख्तर, टिकट निरीक्षक राजेश सिंह, अमित कुमार, श्रीमती प्रतिमा कुमारी, ममता कुमारी एवं संतोष कुमार सहित कुल आठ टिकट जांच कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के सहयोग से छपरा, सीवान, थावे, कप्तानगंज, तमकुही रोड, पीपराइच, पड़रौना सहित अन्य स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 91 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेल राजस्व के रूप में ₹24,965 (चौबीस हजार नौ सौ पैंसठ रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया। अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखी गईं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेल नियमों का पालन करें, उचित टिकट लेकर ही सफर करें तथा ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

