विकास तिवारी हत्याकांड का खुलासा, पांच और अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना क्षेत्र में घटित विकास कुमार तिवारी हत्याकांड में संलिप्त पांच अन्य अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 को नगर थाना को एक फर्दबयान प्राप्त हुआ था, जिसमें वादी ने बताया था कि छपरा कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास उनके पुत्र विकास कुमार तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस फर्दबयान के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 79/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित उद्भेदन एवं दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और प्राप्त आसूचनाओं के आधार पर पुलिस पहले ही इस कांड में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए दो अभियुक्तों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान इन अभियुक्तों ने विकास कुमार तिवारी हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया।
दो अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार बरामद होने के कारण नगर थाना कांड संख्या 109/26 भी दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में बिलाल आलम उर्फ छोटू, फिरोज आलम, नितेश कुमार, रिशु कुमार और रितिक कुमार शामिल हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
बरामद सामानों में एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल है। इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के साथ नगर थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे। सारण पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

